देश भर में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर, 2026 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत, विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न सीपीएसयू एनटीपीसी लिमिटेड के नवा रायपुर कार्यालय परिसर में 01 अक्टूबर, 2026 को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ (वृक्षारोपण अभियान) तथा ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ (श्रमदान पहल) का भव्य आयोजन किया गया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी, स्वयंसेवा और सामूहिक कार्रवाई की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व एनटीपीसी के निदेशक (प्रचालन) श्री रवींद्र कुमार ने किया, जिसमें नवा रायपुर स्थित कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारी संख्या में भाग लिया। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के अनुरूप, कार्मिकों ने कार्यालय के निकटवर्ती क्षेत्रों की सघन सफाई करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर श्री अजय शर्मा, कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएं); श्री विद्या नंद झा, कार्यकारी निदेशक (प्रचालन सेवाएं - आर एंड एम); श्री आलोक कुमार त्रिपाठी, कार्यकारी निदेशक (सीसी ओएस); श्री हर्ष आहूजा, कार्यकारी निदेशक (यूएसएससी) सहित मुख्य महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




