प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान, जयपुर श्री सुमीत कुमार के मार्गदर्शन में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत आयकर विभाग, राजस्थान द्वारा स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान के सभी 45 स्टेशनों पर स्थित आयकर कार्यालयों एवं विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 27 सितंबर 2026 को जवाहर सर्किल, जयपुर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आयकर विभाग, राजस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। इस दौरान जवाहर सर्किल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अवसर पर आयकर आयुक्त (प्रशासन) श्री अनिल कुमार भारद्वाज द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को ज्योति नगर एवं मालवीय नगर स्थित कॉलोनियों में भी स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्थानीय क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते हुए साफ-सफाई की गई तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसी क्रम में दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को नव केंद्रीय राजस्व भवन, स्टैच्यू सर्किल, जयपुर स्थित कार्यालय में भी स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ आदतों को प्रोत्साहित करना तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी की भावना को सुदृढ़ करना था। नव केंद्रीय राजस्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान, जयपुर श्री सुमीत कुमार के नेतृत्व में आयकर विभाग, राजस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यालय परिसर में स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुव्यवस्थित कार्यालयीन वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त महोदय तथा अन्य सभी 45 स्टेशनों पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ (Swachhata Pledge) दिलवाई गई, जिससे सभी ने अपने कार्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस राष्ट्रव्यापी और प्रादेशिक अभियान के तहत प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान, जयपुर श्री सुमीत कुमार के मार्गदर्शन में राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों और महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाए गए। इसके अंतर्गत जयपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पत्रिका गेट, फलोदी आयकर कार्यालय के अंतर्गत रानीसर तालाब, कोटा स्टेशन पर श्रद्धा वृद्धाश्रम, अलवर स्टेशन पर राजीव गांधी पार्क तथा डूंगरपुर स्टेशन पर राजमाता देवेंद्र कुँवर राजकीय संग्रहालय, डूंगरपुर जैसे प्रमुख पर्यटक व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए गए। इस अवसर पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान, जयपुर श्री सुमीत कुमार द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके योगदान की सराहना की जा सके और उनका मनोबल बढ़ाया जा सके। इसके अलावा, सभी स्टेशनों पर आयकर आवासीय कॉलोनियों के आरडब्ल्यूए (RWA) सदस्यों द्वारा भी बढ़-चढ़कर साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को आरडब्ल्यूए (RWA) के सदस्यों द्वारा सभी स्टेशनों की आयकर कॉलोनियों में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया जायेगा तथा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश प्रसारित किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान अथवा औपचारिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल की नियमित जिम्मेदारी के रूप में अपनाने पर बल दिया। यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता के स्थायी परिणाम तभी सुनिश्चित किए जा सकते हैं, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के वातावरण की स्वच्छता के प्रति सजग रहे और उसमें सक्रिय योगदान दे। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक उत्तरदायित्व के मूल भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रमों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।







