खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ई-उपार्जन पोर्टल पर जारी है। जिले में अब तक 3355 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को किसान पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

खरीफ फसलों के बोए गए रकबे की जानकारी डिजिटल क्रॉप सर्वे (गिरदावरी) से ली जा रही है। जिले में अभी तक 69 प्रतिशत रकबे की गिरदावरी पूर्ण हुई है, शेष गिरदावरी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीयन के लिए किसानों की एग्रीस्टेक आईडी बनाकर उसमें उनकी भूमि के सभी खसरों को सम्मिलित कराने तथा ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत चिन्हित किसानों का राजस्व अधिकारियों से सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

किसानों के पंजीयन के लिए सतत मॉनीटरिंग और व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।