वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं गरिमापूर्ण जीवन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस. ने जिले के संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” निर्धारित की गई है। थीम के अनुरूप जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों एवं कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले में संचालित वृद्धाश्रमों में निवासरत तथा अन्य वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाएगी। उनके मनोरंजन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत सहित विभिन्न इंडोर गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से मोबाइल फोन, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं एवं कंप्यूटर के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगाकर रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र जांच सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिले में 100 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर “शतायु सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट किया जाएगा। इसके साथ ही माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 एवं मध्यप्रदेश के संबंधित नियमों के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उपलब्ध प्रावधानों एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। पीढ़ियों के अंतर को कम करने तथा युवा पीढ़ी में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता विकसित करने के लिए विद्यालय एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं तथा युवाओं की वरिष्ठ नागरिकों के साथ सहभागिता वाले संवाद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित एल्डर हेल्पलाइन 14567 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों को इसके उपयोग की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को यथासंभव आमंत्रित किया जाएगा तथा वरिष्ठ नागरिकों की अधिकतम एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, संवाद, सहभागिता एवं कल्याण से जुड़ी सार्थक गतिविधियों के रूप में आयोजित किया जाए। आयोजन के उपरांत फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खेल
1 अक्टूबर को जिले में मनाया जायेगा अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस
चिंगारी न्यूज़ डेस्क · सतना · 25 सितंबर 2026 · 4 मिनट
खास बातें
- थीम के अनुरूप जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों एवं कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले में संचालित वृद्धाश्रमों में निवासरत तथा अन्य वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा।
- जिले में 100 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर “शतायु सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।

