प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सतना नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-121 कृपालपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह परिहार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रमों से आंगनवाड़ी केंद्रों में उत्साह और उमंग का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण से जुड़े कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। डॉ. स्वप्ना वर्मा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं संस्कार निर्माण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने महिला एवं बालिका सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना भी बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती रत्ना चतुर्वेदी, श्रीमती प्रभा पाण्डे, निशा शुक्ला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं चंदा चौधरी सहायिका सहित अन्य उपस्थित रहे।