जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026 एवं एलबेंडाजोल दवा सेवन अभियान का आयोजन 06 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 09 अक्टूबर को मॉप-अप दिवस आयोजित कर छूटे हुए बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों को दवा का सेवन कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया की अभियान के अंतर्गत जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एलबेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। जिले में इस आयु वर्ग के लगभग 5 लाख 66 हजार 171 हितग्राही लक्षित हैं। इसके साथ ही 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को छोड़कर महिलाओं को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार दवा दी जाएगी।

आयु के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक

अभियान के अन्तर्गत 1 से 2 वर्ष के बच्चों को 200 मि.ग्रा. या आधी गोली, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली पीसकर पानी में घोलकर दी जाएगी। 3 से 19 वर्ष को 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। 20 से 49 वर्ष को डब्ल्यूआरए 400 मि.ग्रा. की एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक तैयारियां की गई हैं।