राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार सीहोर जिले के विकासखण्डों में विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक के 2 पदों तथा सहायक परियोजना समन्वयक (अकादमिक, ई.एण्ड.आर.) के 2 पदों की पूर्ति लिखित परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। इसके साथ ही भविष्य में रिक्त होने वाले पदों को भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से भरा जाएगा।

इन पदों के लिए सीहोर जिले में कार्यरत स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के व्याख्याता, माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक तथा उच्च माध्यमिक शिक्षक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 01 जुलाई 2026 की स्थिति में 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक के आष्टा एवं भैरूंदा विकासखण्ड में एक-एक पद रिक्त हैं।

इच्छुक पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पत्र 03 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र, सीहोर में जमा कर सकते हैं। पदों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र, सीहोर के सूचना पटल पर चस्पा की गई है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पूर्व सूचना पटल पर उपलब्ध विस्तृत निर्देशों का अवलोकन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करें।