राज्य शासन के निर्देशानुसार नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार ’ का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री बालागुरू के ने सभी जिला अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिये हैं। अभियान के तहत 03 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 04 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण घटक है और इसे जन-विश्वास अभियान से भी जोड़ा गया है।

शिविरों में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना, पात्र किसानों की फार्मर आईडी, नामांतरण-बंटवारा, सीमांकन, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, बीपीएल तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण सहित प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना से संबंधित सेवाएं दी जाएंगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, रोजगार पंजीयन एवं जॉब कार्ड सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविरों में स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर भी अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, बीमा योजनाएं, ई-श्रम, संबल, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, पीएम सूर्य घर, लाड़ली लक्ष्मी, पेंशन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शिविर में विभिन्न विभागों के कम से कम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविरों में आवेदन प्राप्त करने, मौके पर स्वीकृति एवं हितलाभ वितरण की प्रक्रिया की जाएगी तथा शिविर की गतिविधियों की दैनिक रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं।