सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिलेभर में स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता गतिविधियां, स्वच्छता शपथ, श्रमदान, सर्वधर्म प्रार्थना सभा, नशा मुक्ति, सद्भावना शिविर एवं सहभोज सहित अनेक कार्यक्रम हुए। कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और नशा मुक्ति के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना रहा।

विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। स्वच्छता कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। सर्वधर्म प्रार्थना सभाओं के माध्यम से आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

नशा मुक्ति एवं सद्भावना से जुड़े कार्यक्रमों में नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया। सहभोज के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया। जिले में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, सद्भावना, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।