पन्ना जिले के युवा उद्यमी फैजान सौदागर ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह महत्वाकांक्षी योजना फैजान के लिए वरदान साबित हुई। इन्होंने योजना अंतर्गत इंडियन बैंक से पांच लाख रूपए का ऋण प्राप्त कर राजा बूट हाउस नाम से फुटवियर व्यवसाय की शुरुआत की।
योजना के माध्यम से प्राप्त वित्तीय सहायता का उपयोग अपने व्यवसाय को मजबूत करने, पर्याप्त स्टॉक रखने व कारोबार का विस्तार करने में किया। फैजान ने अपनी मेहनत, लगन और व्यवसायिक सोच से अपने कारोबार को लगातार आगे बढ़ाया। आज राजा बूट हाउस पन्ना जिले में एक प्रतिष्ठित फुटवियर प्रतिष्ठान के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
व्यवसाय के विस्तार के साथ फैजान ने फुटवियर के थोक व्यापार में भी कदम बढ़ाया और वर्तमान में वे एक सफल युवा होलसेल ट्रेडर के रूप में स्थापित हैं।अपनी सफलता के बारे में फैजान सौदागर बताते हैं कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मेरे लिए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।
योजना के तहत बैंक से प्राप्त ऋण से मुझे अपने फुटवियर व्यवसाय को विस्तार देने और पर्याप्त स्टॉक रखने में काफी मदद मिली। मैं मध्यप्रदेश शासन एवं इंडियन बैंक का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझ जैसे युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। आज मैं अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर रहा हूं और आगे भी इसे और विस्तारित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हूं।
फैजान की सफलता इस बात का उदाहरण है कि शासकीय योजनाओं से प्राप्त वित्तीय सहायता, सही व्यवसायिक सोच और मेहनत के साथ युवा आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से मिले ऋण ने फैजान को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दिया, जिसका उन्होंने पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ उपयोग किया। आज फैजान सौदागर एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।
उनकी सफलता की कहानी पन्ना जिले के अन्य युवाओं के लिए भी स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा है।
